|
कर्मा
के खिलाफ जोगी गुट ने कमर कसी
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की कमान महेंद्र कर्मा को सौंपने
की खबरों के
बीच पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के समर्थकों ने यह कहते हुए विरोध
करना शुरू कर
दिया है कि नेता प्रतिपक्ष रहते हुए कर्मा का प्रदर्शन बेहद कमजोर
था,
इसलिए
अध्यक्ष की कुर्सी पर नंदकुमार पटेल को बिठाया जाए।
पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार पार्टी के राष्ट्रीय
महासचिव राहुल
गांधी के साथ मुलाकात के बाद प्रदेश अध्यक्ष के पद पर बस्तर के
आदिवासी कर्मा की
ताजपोशी तय मानी जा रही थी। लेकिन कर्मा के विरूद्ध जोगी खेमे की
लामबंदी की वजह से
अब अरविंद नेताम और गंगा पोटाई के नामों पर विचार किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार जोगी समर्थकों का आरोप है कि कर्मा के विपक्ष के
नेता रहने के
दौरान राज्य में कांग्रेस की भूमिका सत्तापक्ष के समर्थक के रूप
में बनकर रह गई थी।
इस गुट ने अध्यक्ष पद के लिए रायगढ़ जिले के नंदकुमार पटेल का नाम
पार्टी हाईकमान
के समक्ष रखा है।
राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा को कड़ी टक्कर देने की योजना बना रही
कांग्रेस ने
फिलहाल इस संबंध में कोई फैसला नहीं किया है। सूत्रों के अनुसार
यदि जोगी गुट ने
ज्यादा विरोध किया तो कांग्रेस आलाकमान कर्मा के स्थान पर नेताम या
पोटाई को प्रदेश
अध्यक्ष बना सकता है।
|